कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने तिरंगा यात्रा निकाल दिया लोकतंत्र बचाने का संदेश
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से गुरुवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा एवं वाहन रैली निकाली गई। प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर दोपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार होकर पीसीसी मुख्यालय से दोपहर करीब 2 बजे रवाना हुए।
यात्रा चांदपोल, अजमेरी गेट, बड़ी चौपड़ होते हुए रामगंज चौपड़ पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारे लगाए। रैली में विभिन्न धर्मों के लोग भी शामिल हुए।
प्रदेशाध्यक्ष एमडी चोपदार ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र बचाने का नारा बुलंद करने की जरूरत है और इसी संदेश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में जयपुर शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता रंग-बिरंगे साफे पहने हुए नजर आए। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों पर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश