एसआईआर पर भ्रम फैलाकर अराजकता का माहौल बना रही कांग्रेस : मंजू शर्मा
जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस और सीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक के पास मुद्दे नहीं हैं और दूसरे के पास भीड़ नहीं है। दोनों ‘लंगड़ी जोड़ी’ बनकर रह गए हैं।
मंजू शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया से कांग्रेस को परेशानी क्यों है? क्या मृत व्यक्तियों, दूसरी जगह निवास करने वाले लोगों और दो-तीन जगह दर्ज नामों को मतदाता सूची में बने रहना चाहिए? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने की नियमित प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिलाना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी नागरिकों और घुसपैठियों के नाम गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल हैं तो उनकी पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के तहत हटाया जाना चाहिए। ऐसी प्रविष्टियों से चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता, सरकारी योजनाओं के लाभ और स्थानीय नागरिकों के अवसर प्रभावित होते हैं।
सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एसआईआर को लेकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और प्रक्रिया की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से भी निर्वाचन तंत्र के साथ सहयोग कर सही और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में भागीदारी निभाने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रशंसा करते हुए कहा कि जयपुर और राजस्थान के विकास तथा रेल सुविधाओं के लिए जब भी उनसे मांग की गई, उन्होंने अपेक्षा से अधिक सहयोग दिया। राजस्थान को रेल सुविधाओं और विकास परियोजनाओं के रूप में उनका विशेष योगदान मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश