निकाय-पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान के एआईसीसी प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने मंगलवार को पीसीसी वार रूम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों और जमीनी फीडबैक पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सहप्रभारी चिरंजी राव और पूनम पासवान सहित प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष तथा राजस्थान से जुड़े एआईसीसी पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आगामी निकाय और पंचायत राज चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों, स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे मुद्दों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर डोटासरा और रंधावा ने प्रदेश के 27 जिलों के जिलाध्यक्षों, विधायकों एवं विधायक प्रत्याशियों, सांसदों एवं सांसद प्रत्याशियों, जिला प्रभारी और सहप्रभारियों के साथ अलग-अलग चरणों में बैठक की। इन बैठकों में संबंधित जिलों के जिला प्रमुख, महापौर तथा अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष, जो संबंधित जिलों में निवासरत हैं, भी शामिल हुए। पार्टी नेताओं से स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, जनसमस्याओं, आपसी समन्वय और चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया गया। साथ ही चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठकों में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सहप्रभारी चिरंजी राव और पूनम पासवान भी मौजूद रहे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी बनने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आवेदन लिंक और क्यूआर कोड जारी किया है। इच्छुक दावेदार इस लिंक के माध्यम से अपना आवेदन कर सकेंगे। पार्टी ने चुनावों से पहले संगठन को सक्रिय करने, स्थानीय स्तर पर समन्वय बढ़ाने और संभावित प्रत्याशियों से फीडबैक जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश