भाजपा अपने अंदरूनी झगड़े सुलझाए, कांग्रेस पर कार्रवाई ठीक नहीं — डोटासरा
उदयपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय भाजपा को अपने अंदरूनी विवादों को सुलझाना चाहिए। उदयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने मध्यप्रदेश के तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के मामले पर प्रतिक्रिया दी।
डोटासरा ने कहा कि वसुंधरा राजे से जुड़े मामले में कांग्रेस के लोगों को पकड़ना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि सबसे पहले पोस्ट किसने किया और किसने इसे फैलाया, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जिन लोगों को पकड़ा गया है उन्होंने ही सबसे पहले पोस्ट किया है तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जब यह पोस्ट कई जगह साझा हुई तो केवल कुछ लोगों को ही निशाना बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में विधायक और मंत्री भी लेन-देन के माध्यम से काम करवाने की बात कर रहे हैं। यदि हालात नहीं बदले तो राजस्थान में भाजपा का नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचेगा।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विषय पर सफाई नहीं दे रही बल्कि सरकार को घेर रही है। उनके अनुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू है और सरकार को इसे क्रियान्वित करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय सरकार संशोधन की बात कर रही है। उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।
रिफाइनरी परियोजना पर बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि इसकी परिकल्पना कांग्रेस सरकार की थी और सोनिया गांधी ने इसका शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को समय नहीं मिलने के कारण परियोजना में देरी हुई। उन्होंने हालिया हादसे को गंभीर चूक बताते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री मौजूद रहते और उस समय हादसा हो जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
डोटासरा ने मतदाता सूची, पंचायतीराज चुनाव और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से पारदर्शिता और संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार कार्य करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता