चुनाव आयोग के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस-माकपा का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की

 


उदयपुर, 08 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स उखाड़कर गिरा दिए और परिसर के भीतर घुसने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसके बाद पुलिस बल को सख्ती बरतते हुए भीड़ को पीछे धकेलना पड़ा।

प्रदर्शन उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा और शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। हाथों में झंडे और तख्तियां लिए दोनों दलों के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव के लिए पहुंचे और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया।

कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, तो गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया और कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा को कड़ा किया।

कांग्रेस देहात अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बचाने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा बेहद जरूरी है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता