भाजपा प्रत्याशी के नामांकन वापसी पर बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े
राजसमंद, 3 सितंबर (हि.स.)। राजसमंद जिले की नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को वार्ड 23 में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। उपखंड कार्यालय परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर तैनात पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रजापत को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस उन्हें थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार वार्ड 23 में कांग्रेस नेता एवं पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर के बेटे अजय गुर्जर के सामने भाजपा ने दिनेश प्रजापत को प्रत्याशी बनाया था। गुरुवार को दिनेश प्रजापत अपना नामांकन वापस लेने के लिए उपखंड कार्यालय पहुंचे थे। इसकी जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में पहुंच गए और प्रत्याशी को नामांकन वापस लेने से रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान वहां कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए भाजपा प्रत्याशी को अपने साथ लिया और मौके से रवाना हो गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
देवकीनंदन गुर्जर ने भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई प्रत्याशी अपनी इच्छा से नामांकन वापस लेना चाहता है तो उसे रोकने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने प्रशासन पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया।
गुर्जर ने कहा कि नामांकन वापसी का समय सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित था, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी करीब 12 बजे कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले ही पुलिस उपाधीक्षक की मौजूदगी में प्रत्याशी को नामांकन वापस लेने से रोका गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता