गैस की कमी और बढ़ती कीमतों पर सड़कों पर उतरी कांग्रेस
जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए जोरदार विरोध जताया। महिला कार्यकर्ताओं ने सिगड़ी पर रोटी बनाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई नेता मौजूद रहे।
डोटासरा ने कहा कि 1 अप्रैल से कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर शहर-शहर और गांव-गांव अभियान चलाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल पर दी गई राहत का लाभ आम जनता को नहीं, बल्कि कंपनियों को मिल रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि चुनावों के बाद महंगाई और बढ़ सकती है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारें व्यवस्था बिगड़ने की बात स्वीकार नहीं कर रही हैं और लगातार ईंधन व गैस के दाम बढ़ाकर आमजन पर बोझ डाल रही हैं। उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज गरीबों को भी गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सरकार देश की वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस आपूर्ति प्रभावित होने से उद्योगों पर असर पड़ा है और कई इकाइयां बंद हो गई हैं, जिससे रोजगार प्रभावित हुआ है। उन्होंने रिफाइनरी परियोजना में देरी का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने,कीमतों पर नियंत्रण और आमजन को राहत देने की मांग की। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों को जिलों में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश