राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर टीम आवर फॉर नेशन का अभिनंदन

 


बीकानेर, 27 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर शहर में स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली टीम आवर फॉर नेशन का रविवार को जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अभिनंदन किया गया। टीम को 15 अगस्त के राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में मंदिर प्रबंधन की ओर से यह विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

अभियान के बाद टीम आवर फॉर नेशन के सदस्य जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर ट्रस्ट की ओर से टीम के सदस्यों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम रखा गया।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा, ट्रस्टी बृजमोहन जिंदल एवं पुखराज सोनी ने टीम के सदस्यों का अभिनंदन किया तथा उन्हें सम्मानित कर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से कहा गया कि टीम आवर फॉर नेशन के सदस्य नियमित रूप से बिना किसी स्वार्थ के सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए अपना समय देते हैं। अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है। टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों से आमजन में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने टीम के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। इस दौरान टीम के सदस्यों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव