मेडिकल कॉलेज कोटा में लापरवाही से हुई दो प्रसूताओं की मौत - परसादीलाल मीणा

 


कोटा, 09 मई (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मेडिकल कॉलेज कोटा में दो प्रसूताओं के माैत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए कमेटी बनाई है। इस कमेटी के सदस्य पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा व विधायक डूंगर राम गेदर व पीसीसी महासचिव कोटा जिला प्रभारी पुष्पेन्द्र भारद्वाज के नेतृत्व में मेडिकल कालेज के आईसीयू में भर्ती प्रसूताओं से मिलकर घटना की जानकारी ली।

कमेटी सदस्यों ने कॉलेज प्राचार्य से इलाज में उपयोग की गई दवाओं की जानकारी ली। इसके बाद कमेटी सदस्य, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम, देहात अध्यक्ष भानूप्रताप, महिला प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता मृतका पायल के निवास पर जाकर परिजानों से मिले। उनसे इलाज के बारे में जानकारी ली।

पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि इस मामले में दवा और इलाज दोनों में लापरवाही हुई है जो गंभीर न्यायिक जांच का विषय है। हम पीसीसी प्रदेश अध्यक्ष को रिपोर्ट साैंपेंगे। उन्होंने कहा कि दो प्रसूताओं की मौत पर राज्य सरकार ने कोई गंभीरता नही दिखाई।

जांच कमेटी सदस्य पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि इलाज में दो प्रसूताओं की मौत के अलावा कुछ मरीजों की किडनी खराब हो गयी है। राज्य सरकार इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने प्राचार्य डॉ नीलेश जैन से पूछा कि जो गलत मेडिसन उपयोग की गई उन दवाओं को प्रतिबंधित किया या नहीं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ तत्काल कदम नही उठाया गया तो कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। देहात अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने कहा कि हमारी मांग पर मामले की न्यायिक जांच नही हुई तो पीड़ितों के पक्ष में आंदोलन को ओर तेज करेंगे

महासचिव डॉ विजय सोनी ने बताया कि कमेटी सदस्यों के साथ महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह , पूर्व अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, पूर्व विधायक पूनम गोयल, विधायक प्रत्याशी महेंद्र राजोरिया, लाडपुरा प्रधान रहे नईमुद्दीन गुड्डू, महासचिव डॉ विजय सोनी, पीसीसी महासचिव अनूप ठाकुर, कैथून नगर पालिका पूर्व चेयरमैन आयना महक, क्रांति तिवारी, देहात महिला कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष गायत्री मीणा महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुमन मठ सिंघला, झालावाड़ जिलाध्यक्ष वर्षा शर्मा आदि मौजूद रहे।

-

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द