प्रसूताओं की हालत में लगातार सुधार, एक-दो दिन में डिस्चार्ज

 


जोधपुर, 26 जून (हि.स.)। राजकीय जिला अस्पताल पावटा में सिजेरियन डिलीवरी के बाद तबीयत बिगडऩे पर भर्ती की गई प्रसूताओं को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। डॉक्टरों के अनुसार प्रसूताओं की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। इसके बाद उन्हें जल्द छुट्टी देने की कवायद चल रही है। वहीं दावा किया जा रहा है कि एक-दो दिन में ओटी भी शुरू कर दी जाएगी।

अस्पताल के पीएमाओ डॉ. कुलबीर चौपड़ा ने बताया कि एक-दो दिन में ओटी शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही प्रसूताओं को भी एक-दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। वहीं एम्स में दो और पावटा में एडमिट छह प्रसूताओं की तबीयत में सुधार है। पावटा हॉस्पिटल में एडमिट सभी प्रसूताओं के कैथेड्रल को हटा दिया गया है। वहीं एम्स प्रशासन ने बताया कि वहां एडमिट दो प्रसूताओं की हालत में सुधार है। इससे पूर्व पावटा के ओटी की कल्चर रिपोर्ट आ गयी थी। इस रिपोर्ट में ओटी में किसी तरह का संक्रमण नहीं मिला था। ओटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज ने ओटी शुरू करने की परमिशन दे दी है। उल्लेखनीय है कि सर्जरी के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश