रेलवे अस्पताल में पहली बार की जीभ के कैंसर की जटिल सर्जरी

 


जोधपुर, 24 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेलवे अस्पताल ने कैंसर सर्जरी के क्षेत्र में अहम उपलब्धि दर्ज की है। अस्पताल में पहली बार जीभ के कैंसर की बड़ी और जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। हाई रिस्क वाली 59 वर्षीय महिला का कैंसर प्रभावित जीभ का हिस्सा निकालने के साथ गर्दन की आवश्यक सर्जरी भी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है।

मंडल रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर ने बताया कि रेल कर्मचारी की आश्रित 59 वर्षीय महिला को जीभ का कैंसर था। महिला को पहले से उच्च रक्तचाप और टाइप-2 मधुमेह की समस्या भी थी, जिसके कारण एनेस्थीसिया के दौरान जोखिम अधिक था। परिजन उपचार के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में संपर्क कर रहे थे और रेलवे से रेफर कराने का विकल्प भी तलाशा जा रहा था। इसी दौरान अस्पताल के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. गुलाब सिंह सारण ने इस चुनौतीपूर्ण मामले की सर्जरी रेलवे अस्पताल में ही करने का निर्णय लिया।

डॉ. सारण ने एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. प्रद्युम्न और ऑपरेशन थिएटर की टीम के सहयोग से जनरल एनेस्थीसिया के तहत सर्जरी की। चिकित्सकीय जांच में मरीज को कार्सिनोमा टंग पाया गया था। सर्जरी के दौरान जीभ के कैंसर प्रभावित हिस्से को निकालने के साथ सुप्राओमोहायॉइड नेक डिसेक्शन किया गया। मरीज की पहले से मौजूद बीमारियों और एनेस्थीसिया के अधिक जोखिम के बावजूद ऑपरेशन सफल रहा।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है तथा उसकी अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी संतोषजनक रूप से नियंत्रित हैं। यह सर्जरी मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर के निर्देशन में चिकित्सकों एवं ऑपरेशन थिएटर टीम के समन्वित प्रयास से सफलतापूर्वक की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश