जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत मानसून से पहले पूर्ण करें: अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा विभाग
जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा राजेश यादव ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों व बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के मरम्मत योग्य जर्जर विद्यालय भवनों का मरम्मत कार्य मानसून से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन विद्यालय भवनों के निर्माण की कार्ययोजना शीघ्र बनाने को कहा।
यादव ने बैठक में समग्र शिक्षा, स्टार्स, पीएम श्री योजना, निशुल्क यूनिफॉर्म डीबीटी, आईसीटी लैब, टैबलेट वितरण, ज्ञान संकल्प, मुख्यमंत्री विद्यादान कोष, ब्रेल पाठ्यपुस्तकें, विशेष शिक्षक, अटल टिंकरिंग लैब, केजीबीवी, बाल वाटिका, कम्पोजिट स्कूल ग्रांट, ट्रांसपोर्ट वाउचर, वोकेशनल टीचर सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की व आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
उन्होंने राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल, राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल व मिड डे मील के साथ ही भाषा व पुस्तकालय विभाग के विभिन्न मामलों की भी समीक्षा की।
बैठक में राज्य परियोजना निदेशक व आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा, संयुक्त सचिव महेन्द्र कुमार खींची, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक द्वितीय अशोक कुमार मीणा सहित विभिन्न अधिकारी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव