कला मेला-2026 में सजे रंगों के संसार: वरिष्ठ कलाकारों ने बिखेरा सृजन का जादू
जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। जवाहर कला केन्द्र में चल रहा कला मेला-2026 के चतुर्थ दिवस पर राजस्थान के ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ कलाकारों ने अपने सृजन से कला प्रांगण को मेजीवंत कर दिया। कैनवास पर उकेरे गए रंगों और कल्पनाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अकादमी सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने बताया कि इस बार ललित कला अकादमी के 25वें कला मेले के उपलक्ष्य में उन वरिष्ठ कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने इस मेले की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कलाकारों ने तीन दिवसीय शिविर में आमजन के समक्ष अपनी कला का सृजन कर कला के विविध आयाम प्रस्तुत किए।
मेले में राजस्थान की लुप्त होती फ्रेस्को आर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. नाथूलाल वर्मा के निर्देशन में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने फ्रेस्को कला की बारीकियां सीखीं और सुंदर टाइल्स तैयार कीं। इन कलाकृतियों को आगंतुकों ने खूब सराहा।
इसके साथ ही हरिशंकर बालोटिया द्वारा आयोजित कैलीग्राफी कार्यशाला में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यशाला में विभिन्न स्टाइल, शेरिफ और कलम पकड़ने की तकनीकों को प्रायोगिक रूप से समझाया गया।
कला मेला संयोजक हर्षिव शर्मा ने बताया कि बड़ी संख्या में दर्शकों ने मेले का आनंद लिया और कलाकारों की सृजनात्मकता की सराहना की।
मेले का समापन 21 मार्च को शाम 6 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश