दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत
बूंदी, 22 जून (हि.स.)। जिले के हट्टीपुरा के पास रविवार रात दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज कोटा के एमबीएस अस्पताल में चल रहा है।
सदर थाना के एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि बांगामाता निवासी विक्रम अपने भाई आकाश और दोस्त लवकुश के साथ पहले एक रक्तदान शिविर में शामिल हुए थे। इसके बाद तीनों जोगणिया माता के दर्शन करने गए थे। दर्शन कर लौटते समय हट्टीपुरा के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक अपने एक दोस्त को बूंदी छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में दोनों बाइक चालकों की जान चली गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित