रोडवेज बस और टैक्सी की टक्कर, चालक की मौत, सात घायल
टोंक, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के मालपुरा थाना क्षेत्र में जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर अविकानगर टोल प्लाजा के पास रोडवेज बस और टैक्सी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टैक्सी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। टक्कर के बाद रोडवेज बस सड़क से नीचे उतर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मालपुरा थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय मालपुरा पहुंचाया। हादसे में टैक्सी चालक राशिद पुत्र अख्तर खान निवासी हरसोली थाना गोविंदगढ़, जिला अलवर की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे में घनश्याम धानका निवासी सरदारपुरा आमेर, रामप्रसाद धानका और हजारीलाल धानका निवासी खेड़ा जगन्नाथपुरा, चाकसू गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया। वहीं नोरतमल जैन निवासी मालपुरा और छोटा देवी कहार निवासी टोरडी को चोटें आने पर मालपुरा के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
राजकीय जिला चिकित्सालय मालपुरा के पीएमओ डॉ. पीयूष राज सिंह के निर्देशन में डॉ. राजेंद्र चंदेल और वार्ड प्रभारी संजय शर्मा की निगरानी में चिकित्सकों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से गंभीर घायलों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
दुर्घटना के बाद जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित