प्रथम वर्ष में सीटें और सेक्शन बढ़ाने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन

 


डूंगरपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) ने श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय (एसबीपी) में प्रथम वर्ष की सीटें बढ़ाने, नए सेक्शन शुरू करने तथा विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कॉलेज आयुक्त, जयपुर के नाम दिए गए ज्ञापन में आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में प्रवेश क्षमता बढ़ाने की मांग की।

बीपीवीएम के जिला संयोजक तुषार परमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गणेश लाल निनामा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि डूंगरपुर आदिवासी बहुल और ग्रामीण क्षेत्र है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर अधिकांश विद्यार्थी सरकारी महाविद्यालयों में प्रवेश पर निर्भर रहते हैं। सीमित सीटों के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।

ज्ञापन के अनुसार इस वर्ष प्रथम वर्ष में कला संकाय की 2,100, जीव विज्ञान की 264, गणित की 176 तथा वाणिज्य संकाय की केवल 31 सीटों पर अंतिम प्रवेश हुआ है। संगठन का कहना है कि सीटों की संख्या पर्याप्त नहीं होने से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका। ऐसे में प्रथम वर्ष की सीटों में बढ़ोतरी करने और अतिरिक्त सेक्शन शुरू करने की आवश्यकता है। संगठन ने अंतिम प्रवेश सूची में कई विद्यार्थियों को उनकी प्राथमिकता के विपरीत विषय आवंटित किए जाने का मुद्दा भी उठाया। इस संबंध में प्राचार्य से चर्चा कर विद्यार्थियों को उनकी पसंद के विषय उपलब्ध कराने की मांग की गई।

श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गणेश लाल निनामा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कॉलेज स्तर पर विषय परिवर्तन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया प्रारंभ होने से दो दिन पहले इसकी तिथि सार्वजनिक कर दी जाएगी, ताकि पात्र विद्यार्थी समय पर आवेदन कर सकें।

ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रसंघ महासचिव निलेश रोत, पूर्व इकाई अध्यक्ष रवि परमार, इकाई अध्यक्ष लोकेश कटारा, संयुक्त सचिव महेश कटारा, मीडिया प्रभारी देवेंद्र डामोर, जया ननोमा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष