शिकायतों का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने निर्देश दिए हैं कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादियों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एवरेज डिस्पोजल टाइम को कम करने पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। रंजन ने सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, पेयजल प्रबंधन, शिकायत निवारण तंत्र तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विभागवार सघन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में संपर्क एवं जनसुनवाई से जुड़े लंबित प्रकरणों, सीएमओ एवं वीआईपी संदर्भों, विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों तथा कोर्ट केस/पीएलपीसी मामलों की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन, अप्रारंभ कार्यों की स्थिति तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आलोक रंजन ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 से 15 मई तक होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित, उपखण्ड अधिकारी (उत्तर) आईएएस प्रीतम कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश