दीपावली पर सीएनजी स्टेशन और गैस पाइपलाइन अलर्ट मोड पर: रिसाव की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी

 


जयपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) ने प्रदेश में संचालित सीएनजी स्टेशनों और गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कंपनी के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने सभी सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से गैस पाइपलाइनों के आसपास पटाखे नहीं चलाने और ज्वलनशील सामग्री से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है।

आरएसजीएल ने गैस रिसाव या किसी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 18001806135 जारी किया है। कंपनी ने कहा है कि कहीं भी गैस रिसाव की आशंका हो या कोई अप्रिय घटना सामने आए तो बिना देरी किए इस नंबर पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कोटा, नीमराणा, कूकस, ग्वालियर और श्योपुर में संचालित सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों की शत-प्रतिशत पालना के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सीएनजी स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। स्टेशन पर आने वाले उपभोक्ताओं को भी सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर उनकी पालना सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही कंप्रेसर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

बैठक में डीजीएम सीएनपी विवेक श्रीवास्तव को डीपीएनजी और सीएनजी क्षेत्रों में गैस रिसाव का पता लगाने के लिए जांच कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पाइपलाइनों में संभावित रिसाव की समय रहते पहचान हो सके। त्योहार के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका रोकने के लिए तकनीकी जांच और सुरक्षा निगरानी को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सीएफओ दीप्तांशु पारीक और डीएम आईटी गगनदीप राजोरिया ने कहा कि गैस पाइपलाइनों और सीएनजी स्टेशनों की सुरक्षा में आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए लोगों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने और आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सीएस विनिता सोनी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आरएसजीएल ने आमजन से सावधानी बरतकर सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश