भरतपुर में सीएम का रोड शो, बोले- विकास के लिए निकायों में भी बने भाजपा की सरकार

 








जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए शहर में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। रोड शो के दौरान भाजपा समर्थकों में उत्साह नजर आया।

जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं के साथ देश की सीमाओं की सुरक्षा तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के लिए केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के बाद अब निकाय और पंचायतों में भाजपा की सरकार बनना जरूरी है, ताकि ट्रिपल इंजन की सरकार के जरिए विकास को गति मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासन में तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि वर्षों तक जनता की बिजली, पानी और विकास जैसी मूलभूत जरूरतों को चुनावी मुद्दा बनाकर वोट मांगे गए, जबकि आचार संहिता का हवाला देकर विकास कार्य रोक दिए जाते थे।

वन स्टेट-वन इलेक्शन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इसे असंभव बताते हुए कहते थे कि 'काकाजी भी यह नहीं करवा सकते', लेकिन भाजपा सरकार ने इस संकल्प को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अब देख लें कि काकाजी ही वन स्टेट-वन इलेक्शन करवा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में बिजली की स्थिति खराब थी, जबकि भाजपा सरकार के प्रयासों से अब राजस्थान बिजली खरीदने के बजाय दूसरे राज्यों को बिजली देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यमुना जल समझौते और रामजल सेतु लिंक परियोजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने संकल्प पत्र में पांच वर्ष में चार लाख सरकारी नौकरियां और छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने दावा किया कि ढाई वर्ष में 1 लाख 89 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं 1 लाख 22 हजार से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार नई भर्तियां निकाली जा चुकी हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिए जाने का दावा मुख्यमंत्री ने किया।

मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से चुनाव के दौरान किसी भी लालच या प्रलोभन में नहीं आने तथा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जनता को भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति को बढ़ावा देने वालों को जवाब देना चाहिए। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने और सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, डॉ. शैलेष सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।अ

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित