400 विद्यालय सीएम राइज विद्यालय में होंगे क्रमोन्नत: पटेल
जोधपुर, 31 मार्च (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मंगलवार को लूणावास खारा में पशु चिकित्सालय सहित 62.50 लाख रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस दौरान पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के समग्र एवं सतत विकास के लिए निरंतर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा बजट 2026-27 गऱीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति सहित सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान को समर्पित है। हमें मिलकर राजस्थान की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर बनाना है। विधि मंत्री ने कहा प्रदेश के शैक्षणिक उन्नयन के लिए बजट में 69 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो 2023-24 से 35 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा विद्यालयों की अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की राशि से विद्यालय आधारभूत संरचना कोष की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा एक हजार करोड़ रुपए का व्यय कर 400 विद्यालयों को सीएम राइज विद्यालय के रूप में क्रमोन्नत किया जाएगा। पटेल ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत 125 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।
इस योजना के तहत इस वर्ष 4 हजार करोड़ रुपए का व्यय राज्य कोष से किया जायेगा, जिसे आवश्यकता एवं मांग के अनुसार बढ़ाया भी जा सकेगा। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा 2 वर्षों में विधानसभा क्षेत्र लूणी में 19 अरब से भी अधिक राशि के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा लूणी में 186 लाख रुपए से पशु चिकित्सालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा विद्यालयों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी।
यहां किए शिलान्यास व लोकार्पण
उन्होंने आज राजकीय पशु चिकित्सालय का शिलान्यास और राउमावि लूणावास खारा में टीनशेड निर्माण व लूणावास खारा में ठाकुरजी मंदिर के सार्वजनिक वाचनालय निर्माण के कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य राजेंद्र प्रसाद मेघवाल, पूर्व प्रधान तुलसीराम मेघवाल, छोटू सिंह राठौड़, श्रवण पटेल, किशन सिंह, तहसीलदार झंवर देवाराम, विकास अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश