मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पांच राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों से की मुलाकात
जयपुर, 05 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में लोकसभा द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की समिति की बैठक में शामिल होने आए विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों से मुलाकात की।
यह बैठक देश के विधान मंडलों की समिति प्रणाली की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उत्तरप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सूरमा पाढ़ी तथा सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष मिंगमा नोर्बू शेरपा के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के सम्मान में आयोजित विशेष भोज में भाग लिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, समिति प्रणाली के सुदृढ़ीकरण तथा राज्यों के बीच संसदीय अनुभवों के आदान-प्रदान पर चर्चा की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग तथा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी उपस्थित रहे। यह मुलाकात विभिन्न राज्यों के विधायी नेतृत्व के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित