भाजयुमो को सीएम का मंत्र-युवाओं से जुड़ें, योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं
जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को युवाओं के बीच सक्रिय संवाद बढ़ाने और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, सामर्थ्य, नवाचार और सकारात्मक सोच का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। भाजयुमो के पदाधिकारी युवाओं से लगातार संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की गतिविधियों के माध्यम से युवा मोर्चा कार्यकर्ता युवाओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय युवाओं की आकांक्षाओं, आवश्यकताओं और समस्याओं को समझना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए रोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं। ऐसे में युवा मोर्चा के पदाधिकारी सरकार की विकासपरक पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक किया जाए। सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने भाजयुमो पदाधिकारियों से पूर्ण सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति दे सकता है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सामर्थ्य के बल पर ही विकसित भारत के साथ विकसित राजस्थान के सपने को साकार किया जा सकता है।
मुलाकात के दौरान भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी, प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा, सहकोषाध्यक्ष देवव्रत सिंह चन्दलाई सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, सहकोषाध्यक्ष, प्रदेश संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री और प्रदेश प्रवक्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित