मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के साथ सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

 




जयपुर, 31 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर युवाओं के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में झारखंड के रांची में आयोजित राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से संवाद किया। उन्होंने देशवासियों से भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की तथा विभिन्न राज्यों के आमों की विशेष किस्मों का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई प्रेरणादायी प्रयासों का उल्लेख करते हुए केरल के आलुवा में साजी वलाशेरिल द्वारा संचालित अनूठे तैराकी क्लब, बेंगलुरु की खगोल विज्ञान संस्थाओं, रात्रि अवलोकन शिविरों तथा भारत की पहली गंगा डॉलफिन बचाव एम्बुलेंस की जानकारी साझा की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में आकाश गुप्ता द्वारा मनोरमा नदी संरक्षण के प्रयास, गोवा के बालकृष्ण अइया द्वारा पाइपलाइन बिछाने के कार्य तथा तमिलनाडु की गिरिजा अम्मा के सैनिकों के लिए चलाए जा रहे अभियान की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में अपनी नीदरलैंड यात्रा के दौरान चोल कालीन प्राचीन ताम्र पट्टिकाओं की भारत वापसी का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नवाचार अपनाकर अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार युवाओं को सकारात्मक परिवर्तन और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में अरूण चतुर्वेदी, केके विश्नोई, मदन राठौड़ सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित