मुख्यमंत्री ने यूपीएससी चयनित अभ्यर्थियों से किया संवाद, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
जयपुर, 28 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सिविल सेवा परीक्षा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित राजस्थान के अभ्यर्थियों से संवाद किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और मुख्यमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा में सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से अपने सेवाकाल को जनकल्याण, विकसित राजस्थान और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए समर्पित करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पानी-बिजली की उपलब्धता और रोजगार सृजन के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है।
संवाद कार्यक्रम में अनुज अग्निहोत्री, पक्षाल सेक्रेटरी, प्रवीण रत्नू, अदिति अरोड़ा, अनीता सहित अन्य चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की। इस अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभ्यर्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित