107 वर्षीय बुजुर्ग के आशीर्वाद से दिन की शुरुआत, बच्चों को बांटी चॉकलेट
भीलवाड़ा, 06 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार सुबह भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा गांव में रात्रि विश्राम के बाद जनसंपर्क कर ग्रामीणों के बीच अपनत्व और संवेदनशील प्रशासन का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से 107 वर्षीय कुमकुम देवी तथा 102 वर्षीय ओंकार तेली से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य, दिनचर्या और लंबे जीवन के अनुभवों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री का आत्मीय व्यवहार देखकर दोनों बुजुर्गों ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, जिसका भावनात्मक दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान बच्चों को दुलार करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने गांव के रघुनाथ मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना भी की।
इसके बाद मुख्यमंत्री फूलसागर तालाब पहुंचे, जहां योगाभ्यास कर रहे युवाओं के साथ स्वयं योग किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए श्रमदान की भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने परिसर में शीशम का पौधा भी रोपा।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए गांव की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास कार्यों पर विस्तार से बातचीत की। ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने तथा गांव में खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की।
खारी का लाम्बा गांव में शुक्रवार रात आयोजित ग्राम विकास चैपाल में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह ही आदेश जारी कर दिए। इनमें नए कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय की स्थापना, कृषि पर्यवेक्षक पद का सृजन तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान (जीव विज्ञान) एवं कृषि विज्ञान संकाय प्रारंभ करने के निर्णय शामिल हैं।
घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गांव में रात्रि विश्राम कर न केवल उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना, बल्कि उनके समाधान की दिशा में तत्काल प्रशासनिक कदम भी उठाए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक जब्बर सिंह सांखला, लालाराम बैरवा, गोपीचंद मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद