सुबह की सैर पर निकले मुख्यमंत्री, आमजन के बीच बने हमसफर; छाछ पी और बच्चों को बांटी चॉकलेट

 


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। शनिवार सुबह जयपुर के जवाहर सर्किल का नजारा कुछ अलग था। रोजाना की तरह लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन अचानक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अपने बीच देखकर मॉर्निंग वॉकर्स के चेहरे खिल उठे। मुख्यमंत्री ने भी सुरक्षा घेरे तक सीमित रहने के बजाय आमजन के बीच पहुंचकर उनके साथ कदमताल की। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए।

मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और दिनचर्या के बारे में बातचीत की तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को उन्होंने चॉकलेट भी बांटी। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर मॉर्निंग वॉकर्स में खासा उत्साह नजर आया और कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली।

जवाहर सर्किल में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने आमजन के साथ छाछ पी।

उन्होंने स्वस्थ खान-पान अपनाने के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान में भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘फिट इंडिया’ अभियान स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है और वह अपने काम को अधिक ऊर्जा व उत्साह के साथ कर सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, योगाभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने को भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने आमजन से अपने आसपास गंदगी नहीं होने देने और कहीं गंदगी दिखाई देने पर प्रशासन को सूचना देकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर, पशुपालक, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विगत तीन वर्षों में जनकल्याण की अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है और लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए हैं।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित