भीलवाड़ा में सीएम भजनलाल का मेगा रोड शो, बारिश में भी भगवा सैलाब

 




भीलवाड़ा, 05 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान से महज चार दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा की सड़कों पर उतरकर भाजपा के पक्ष में चुनावी ताकत दिखाई। दोपहर करीब 1 बजे मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे। पुलिस लाइन में उनका हेलीकॉप्टर उतरा, जहां सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, चुनाव पर्यवेक्षक वीरम देव सहित भाजपा पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी गोपाल मंदिर पहुंचा। मुख्यमंत्री ने मंदिर में भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और इसके बाद विशेष रूप से तैयार किए गए प्रचार रथ पर सवार होकर रोड शो की शुरुआत की।

हल्की रिमझिम बारिश के बीच मुख्यमंत्री का रोड शो शुरू हुआ तो शहर की सियासी फिजा चुनावी रंग में रंग गई। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान सुरक्षा कर्मी मुख्यमंत्री के ऊपर छतरी ताने रहे। मुख्यमंत्री भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर बारिश के बीच स्वागत के लिए पहुंचे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। इस दौरान “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “भजनलाल शर्मा जिंदाबाद” के नारों से शहर गूंजता रहा।

मुख्यमंत्री का रोड शो करीब 2 किलोमीटर लंबा रहा। इसकी शुरुआत सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी गोपाल मंदिर से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सांगानेरी गेट, पुरानी धान मंडी, बड़ा मंदिर और फूल मंडी होते हुए महाराणा टॉकीज के बाहर पहुंचा, जहां रोड शो का समापन हुआ। ऐतिहासिक बड़ा मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीचारभुजानाथ के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। पूरे रोड शो मार्ग पर भाजपा के झंडे, बैनर और होर्डिंग नजर आए। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए विशेष प्रचार रथ तैयार किया गया था। रथ को फूल मालाओं से सजाया गया। रथ के आगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की तस्वीर लगाई गई थी। इसी रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री ने शहर में रोड शो किया। मुख्यमंत्री के साथ रथ में लोकसभा सचेतक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी और पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी मौजूद रहे।

रोड शो में जिले की सभी 10 नगर पालिकाओं के भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हुए। हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री के साथ कदमताल की। खुली कार में विधायक गोपाल खंडेलवाल, उदयलाल भड़ाणा, जब्बर सिंह सांखला, डॉ. लालाराम बैरवा, गोपीचंद मीणा, लादूलाल पीतलिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम रहा।

नगरीय निकाय चुनाव के मतदान में अब महज चार दिन शेष हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का भीलवाड़ा दौरा और रोड शो भाजपा के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दौर का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। खास बात यह रही कि बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने भाजपा के चुनावी उत्साह को प्रदर्शित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद