मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और देशभक्त विभूतियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह दिन हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। हमारा प्रदेश भी ‘विकसित राजस्थान-समृद्ध राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के साथ युवाओं को रोजगार, किसानों की खुशहाली, महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तीकरण, गरीब एवं वंचित वर्गों को बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों की एकजुटता, परिश्रम और संकल्प शक्ति से राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को स्वाधीनता दिवस पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 में सुबह 9 बज कर 5 मिनट पर ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर वे प्रदेशवासियों को संबोधित भी करेंगे। इससे पहले प्रातः 8:30 बजे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में झंडारोहण करेंगे। वे प्रातः 8:55 बजे शहीद स्मारक में पुष्प चक्र अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री प्रातः 11.25 बजे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार में 'युवा संवाद : विकसित राजस्थान 2047' में भाग लेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री नाल एयरपोर्ट से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर