गहलोत के बयान पर सीएम भजनलाल का पलटवार: चश्मा बदल सकते हैं, नकारात्मक दृष्टि नहीं

 


जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पलटवार किया। ओटीएस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में हो रहे विकास कार्य पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इसलिए दिखाई नहीं देते, क्योंकि उनकी दृष्टि सही नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आंखों पर चश्मा तो बदला जा सकता है, लेकिन नकारात्मक दृष्टि को नहीं बदला जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस में दिल्ली हाईकमान के सामने दो नेता नंबर एक बनने की होड़ में थे, लेकिन अब चार नेता नंबर एक बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्वार्थ की राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार का जवाब आने वाले समय में राजस्थान की जनता देगी।

भजनलाल शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान युवा पेपर लीक की घटनाओं से परेशान रहे। इसके विपरीत भाजपा सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार अब तक एक लाख 89 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है।

उन्होंने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की घोषणाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय की गई 60 से 70 प्रतिशत से अधिक घोषणाएं पूरी नहीं हो सकीं। वहीं भाजपा सरकार अपनी प्रत्येक घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होती थी और प्रदेश में पानी की समस्या के समाधान के लिए भी ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है और प्रदेश में विकास की कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में हो रहे ये बदलाव कांग्रेस नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भले ही दिखाई नहीं दे रहे हों, लेकिन प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में जनता कांग्रेस की स्वार्थ की राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार का जवाब देगी। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्थान को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित