सीएम भजनलाल का कांग्रेस पर हमला, बोले-जादूगर को अपने समय का भ्रष्टाचार नहीं दिखता
अजमेर रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा में दिखा उत्साह : कांग्रेस पर तंज, सीएम बोले- 'काकाजी ही करा रहे हैं वन नेशन, वन इलेक्शनञ
अजमेर, 6 सितम्बर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अजमेर में रोड शो किया। मदारगेट पर दोनों हाथ उठाकर विक्ट्री का निशान बनाया तो जनता को भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल भी बताया। गांधी भवन पर रोड शो के समापन के बाद कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता 'गणित में कमजोर हैं' और कुछ ऐसे जादूगर हैं, जिन्हें अपने समय का भ्रष्टाचार दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि जो लोग सलाह देने चले हैं, उन्हें पहले अपने समय का हिसाब देखना चाहिए। शर्मा ने कहा कि युवाओं को चार लाख नौकरी नहीं दे सकते तो विधानसभा में कहा की डायरी पेन रखिए। नहीं तो भिजवा देंगे। हमने नौकरी दी है आगे भी देंगे। कई नेता ऐसे हैं कांग्रेस में जो गणित में कमजोर है। कहीं ऐसे जादूगर है जिनको अपने समय का भ्रष्टाचार नहीं दिखता जो सलाह देने चले हैं वह अपनी सलाह अपने पास रखें। उनके सलाह की कोई जरूरत नहीं है कहीं तो ऐसे हैं जो बैंड है उनका बैंड बजाकर रहेंगे। पूरी ताकत के साथ लगे और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं।
शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार है। अब स्थानीय निकाय में भी भाजपा का बोर्ड बनेगा तो 'तीसरा इंजन जुड़ने से विकास का फायदा जरूर होगा।' उन्होंने रोड शो में उमड़ी भीड़ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास के प्रति जनता का विश्वास बताया। उनके साथ केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और विधायक अनिता भदेल भी मौजूद रहीं। रोड शो के दौरान जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। प्लाजा टॉकीज से शुरू होकर रोड शो गांधी भवन पहुंचा। रोड शो के दौरान अंतरराष्ट्रीय नगाड़ा वादक नाथूराम सोलंकी की टीम ने विशेष प्रस्तुति दी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए थे।
प्लाजा सिनेमा से गांधी भवन तक किए रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। अपने अपने प्रत्याशियों के साथ भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रोड शो में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुले वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। कार्यकर्ता भाजपा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
रोड शो के दौरान शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया। मुख्यमंत्री के रोड शो को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए। रोड शो के जरिए भाजपा ने अजमेर में चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने 'वन नेशन, वन इलेक्शन' के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 'काकाजी ही वन नेशन, वन इलेक्शन करा रहे हैं।'
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद रोड शो में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एक साथ चुनाव होने से चुनावी प्रक्रिया में लगने वाला समय और संसाधन बचेंगे तथा विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दिया जा सकेगा। उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में समर्थन देने की अपील भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष