अम्बेडकर जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर एक महान समाज सुधारक, शिक्षाविद्, प्रखर कानूनविद् और मानवाधिकारों के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त असमानता, छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचारों का मूल आधार एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज का निर्माण है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के सिद्धांतों और आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि हम सभी मिलकर डॉ. अम्बेडकर के विचारों का अनुसरण करें, तो निश्चित रूप से प्रदेश और देश के समग्र विकास में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित