सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हुई लिपिक-कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा
जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय एवं कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को जयपुर जिले में शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन ने सुरक्षा, गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई और परीक्षा बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुई।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी में पंजीकृत 90,001 अभ्यर्थियों में से 67,490 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 22,511 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में उपस्थिति 74.99 प्रतिशत दर्ज की गई। द्वितीय पारी में भी अभ्यर्थियों की अच्छी उपस्थिति रही। इस पारी में 90,001 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 66,893 ने परीक्षा दी, जबकि 23,108 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में उपस्थिति 74.32 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की गई। अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। जिला प्रशासन की ओर से गठित 38 उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी। इसके अलावा जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे दिन परीक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी की गई। जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयासों के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश