हनुमानगढ़ में प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प, मतदान के दौरान तनाव

 


जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान के दौरान हनुमानगढ़ जिले में प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की सूचना सामने आई। घटना के बाद मतदान केंद्र के आसपास कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की।

इधर, पंचायत चुनाव में अलग-अलग जगहों पर मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य के कई मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग, महिलाएं और युवा कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। तीसरे चरण में राजस्थान की 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।

चूरू जिले में भी पंचायत चुनाव को लेकर अलग-अलग स्थिति सामने आई है। कुछ क्षेत्रों में चुनाव को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी और स्थानीय मांगों के कारण मतदान प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। वहीं जिले के प्रथम चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान निर्धारित किया गया है।

दौसा जिले के सेंथल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर 28 वर्षीय नसीबन खां ने मतदान किया। बूथ लेवल अधिकारी नरेश विजय के अनुसार नसीबन खां की लंबाई महज एक फीट है। इसके बावजूद उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।टोंक जिले की ग्राम पंचायत चांदसिंहपुरा में 105 साल की डाका देवी व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान करने पहुंचीं। वहीं चूरू जिले के राजगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लूदी झाबर में सरपंच पद का चुनाव नहीं हो सका। यहां सरपंच पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में उसका नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा, जिसके कारण ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए चुनाव नहीं हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित