विधायक गोपाल शर्मा की पहल से शुरू हो रही सिविल लाइंस प्रीमियर लीग

 




जयपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। विधायक गोपाल शर्मा की पहल पर सिविल लाइंस क्षेत्र में पहली बार सिविल लाइंस प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन 21 से 28 फरवरी तक गणपति नगर रेलवे क्रिकेट मैदान में किया जाएगा। लीग का शुभारंभ शनिवार को सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन मैच के साथ ही पूरे सप्ताह क्षेत्र में खेल, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल रहेगा।

इस रोमांचक क्रिकेट लीग में सिविल लाइंस क्षेत्र के नवगठित 16 वार्डों की 16 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में प्रत्येक टीम में 15 सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें से प्लेइंग 11 का चयन कप्तान द्वारा किया जाएगा।

विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सशक्त साधन है। सिविल लाइंस प्रीमियर लीग का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को एक मंच प्रदान करना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। यह लीग क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर साबित होगी और पूरे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का नया अध्याय लिखेगी।

प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया जाएगा। सीरीज के अंत में मैन ऑफ द सीरीज,बेस्ट बैट्समैन,बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर जैसे आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51 हजार तथा उपविजेता टीम को 21 हजार की नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश