निकाय चुनाव प्रथम चरण: आज शाम छह बजे थमेगा प्रचार का शोर

 


जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के लिए चल रही चुनावी सरगर्मियां अब निर्णायक दौर में पहुंच गई हैं। पहले चरण में 9 सितंबर को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले सोमवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद सार्वजनिक सभाएं, रैलियां, जुलूस, लाउडस्पीकर और अन्य सामूहिक प्रचार गतिविधियों पर रोक रहेगी। हालांकि प्रत्याशी व्यक्तिगत रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे और अपने पक्ष में मतदान की अपील कर सकेंगे।

प्रचार के अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और नेता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियों, सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश होगी। शाम छह बजे प्रचार थमने के बाद चुनावी मुकाबला सीधे मतदान केंद्रों तक पहुंच जाएगा।

जयपुर जिले के 18 नगरीय निकाय क्षेत्रों में पहले चरण में 9 सितंबर को मतदान होगा। इनमें नगर परिषद चौमूं और शाहपुरा के अलावा नगर पालिका दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा शामिल हैं।

इन सभी निकाय क्षेत्रों में मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की उपलब्धता और मतदान दलों की तैनाती समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जयपुर जिले के 18 निकायों में चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टियां मंगलवार 8 सितंबर को रवाना होंगी। सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर से मतदान दलों को रवाना किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी दो चरणों में होगी। मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बूथ की व्यवस्थाएं संभालेंगे।

पोलिंग पार्टियों को सुबह 11 बजे रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद आवश्यक चुनाव सामग्री और ईवीएम के साथ दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

इससे पहले सोमवार को जयपुर जिले के पहले चरण में मतदान वाले निकायों के लिए ईवीएम की कमीशनिंग करवाई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में मशीनों की कमीशनिंग का काम पूरा किया गया। मतदान से पहले ईवीएम को तैयार करने और उनकी जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

9 सितंबर को जिन नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान होगा, वहां राज्य सरकार ने स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

वहीं इन निकाय क्षेत्रों में सोमवार शाम छह बजे से 9 सितंबर की शाम छह बजे तक सूखा दिवस यानी ड्राय-डे रहेगा। इस अवधि में शराब की बिक्री पर रोक रहेगी।

सोमवार शाम छह बजे के बाद प्रत्याशी सार्वजनिक रूप से प्रचार नहीं कर सकेंगे। न रैली निकाली जा सकेगी और न ही चुनावी सभा, जुलूस या लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि उम्मीदवार व्यक्तिगत रूप से मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। सीमित संख्या में समर्थकों के साथ घर-घर जाकर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की अपील की जा सकेगी।

इस तरह सोमवार शाम छह बजे के बाद चुनावी प्रचार का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन और बड़े आयोजनों के बजाय प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क पर जोर देंगे। 9 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि नगरीय निकायों में जनता का भरोसा किस दल और प्रत्याशी के साथ है।

जयपुर जिले में मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियों को ईवीएम जमा कराने के लिए वापस भवानी निकेतन नहीं आना होगा। मतदान दलों को अपने-अपने निर्धारित मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर ही ईवीएम जमा करवानी होगी।

मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां सीधे संबंधित निर्धारित केंद्रों पर पहुंचेंगी और वहां ईवीएम जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगी। इससे मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने और चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश