नगर निकाय चुनाव: आप ने जारी की ग्यारह प्रत्याशियों की पहली सूची
जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप)ने जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने ग्यारह वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें सांगानेर, आदर्श नगर, बगरू, हवामहल, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और सिविल लाइंस क्षेत्र के वार्ड शामिल हैं।
पार्टी की पहली सूची में वार्ड 54 सांगानेर से संगीता गौड़, वार्ड 118 आदर्श नगर से मोहम्मद असलम, वार्ड 64 बगरू से हीरालाल खर्रा, वार्ड 62 बगरू से योगेश गोयल, वार्ड 120 आदर्श नगर से लालचंद सैनी, वार्ड 141 हवामहल से डॉ. गजेन्द्र बंसल, वार्ड 71 बगरू से मोहम्मद साजिद, वार्ड 22 विद्याधर नगर से त्रिलोक पारीक, वार्ड 33 झोटवाड़ा से कविता यादव, वार्ड 103 सिविल लाइंस से प्रदीप और वार्ड 145 हवामहल से पिंकी कुमारी को प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी के जयपुर जिलाध्यक्ष एवं चुनाव समिति अध्यक्ष अमित दाधीच ने बताया कि शेष वार्डों के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय पकड़, जीत की संभावना और कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रत्याशी चयन में जमीनी सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा, जनता के बीच स्वीकार्यता और स्वच्छ छवि को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नगर निगम चुनाव में जनसेवा, स्वच्छ राजनीति, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। सड़क, सीवरेज, नालियों की सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था जैसे शहर के मूलभूत मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
दाधीच ने कहा कि आगामी दिनों में वार्ड संवाद, कार्यकर्ता सम्मेलन, स्थानीय मुद्दों पर जन अभियान और व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष प्रत्याशियों की सूची भी जारी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश