तिरंगा यात्रा को लेकर बदली शहर की यातायात व्यवस्था

 




जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। राजधानी में रविवार को सुबह 9 बजे से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल के सामने से रवाना होकर रामनिवास बाग चौराहा और सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंचेगी। यहां यात्रा विशाल सभा में परिवर्तित होगी। यात्रा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने शहर में सुगम यातायात के लिए डायवर्जन, पार्किंग और बसों के वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।

उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि आरोग्य पथ तिराहा से अल्बर्ट हॉल की ओर आने वाले यातायात को यातायात सूचना केंद्र की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। दबाव बढ़ने पर त्रिमूर्ति सर्किल से नारायण सिंह तिराहा और गोविंद मार्ग की ओर यातायात भेजा जाएगा। एमजीडी स्कूल के सामने से आने वाले वाहनों को टोंक रोड तथा न्यूगेट से आने वाले वाहनों को यादगार तिराहा और सांगानेरी गेट की ओर मोड़ा जाएगा।

वहीं म्यूजियम रोड से अल्बर्ट हॉल आने वाले वाहनों को समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा। रामनिवास बाग में केवल जेडीए भूमिगत पार्किंग में जाने वाले वाहनों को प्रवेश मिलेगा।

यात्रा शुरू होने के बाद यादगार तिराहा से दिल्ली रोड और टीपी नगर जाने वाले वाहनों को नारायण सिंह तिराहा, त्रिमूर्ति सर्किल होते हुए गोविंद मार्ग की ओर भेजा जाएगा। टोंक रोड से आने वाले वाहनों को जीटीसी मॉल के सामने से वापस डायवर्ट किया जाएगा।

मिनर्वा चौराहे से यातायात एमडी रोड की ओर तथा आवश्यकता पड़ने पर गुरुद्वारा मोड़ से गोविंद मार्ग की ओर भेजा जाएगा। एमडी रोड पर दबाव बढ़ने पर धर्मसिंह सर्किल से यातायात गोविंद मार्ग की ओर डायवर्ट होगा।

बड़ी चौपड़ और रामगंज चौपड़ से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। अत्यधिक दबाव होने पर गलता गेट से दिल्ली रोड की ओर यातायात निकाला जाएगा।

आमेर और जलमहल की ओर से आने वाले वाहन सुभाष चौक, चार दरवाजा, घोड़ा निकास रोड और रामगंज चौपड़ होकर जा सकेंगे। दबाव अधिक होने पर रामगढ़ मोड़ से धोबीघाट की ओर डायवर्जन किया जाएगा।

बांदेरवाल गेट से जलेबी चौक की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। गणगौरी बाजार से आने वाले वाहनों को शार्दुल सिंह की नाल और नगर परिषद की मोरी होकर निकाला जाएगा। छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ की ओर यातायात बंद रहेगा। दबाव बढ़ने पर संजय सर्किल से संसार चंद्र रोड की ओर डायवर्जन किया जाएगा। ब्रह्मपुरी बस स्टैंड से माउंट रोड तथा चौगान से 12 भाइयों के चौराहे की ओर भी यातायात डायवर्ट रहेगा।

यात्रा के दौरान परकोटा क्षेत्र में मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रामगढ़ मोड़, गलता गेट, घाटगेट, सांगानेरी गेट, न्यूगेट, अजमेरी गेट और संजय सर्किल से परकोटे में सिटी/मिनी बस और ई-रिक्शा प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

जोहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार और चांदपोल बाजार के मुख्य मार्गों पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। स्थानीय निवासी और व्यापारी जेडीए पार्किंग, चौगान स्टेडियम, रामलीला मैदान और आतिश मार्केट में वाहन खड़े कर सकेंगे।

सिंधी कैंप से आगरा रोड जाने वाली बसें सिंधी कैंप से गवर्नमेंट हॉस्टल, चौमूं हाउस, नारायण सिंह तिराहा, रामबाग, जेडीए चौराहा, शांतिपथ, टीला नंबर 7 और रोटरी सर्किल होकर जाएंगी।

आगरा रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें रोटरी सर्किल, जवाहर नगर बाईपास, रॉयल्टी तिराहा, केवी-3 तिराहा, ओटीएस चौराहा, गोपालपुरा बाईपास और टोंक रोड होकर सिंधी कैंप पहुंचेंगी।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए समानांतर और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। वहीं एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश