जयपुर शहर में 575 कराेड़ रुपए में हाेंगे सड़क, सीवरेज, खेल सुविधाओं, यातायात एवं हरित विकास के काम
जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को मंथन सभागार में पीडब्ल्यूसी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जयपुर शहर एवं जेडीए क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 575 करोड़ रुपए राशि के विभिन्न विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं।
सांगानेर क्षेत्र में जयपुर—सवाईमाधोपुर रेलवे लाइन पर हल्दीघाटी एवं डिग्गी-मालपुरा रोड के मध्य आरयूबी के निर्माण के लिए 18.89 करोड़ रुपये तथा सांगानेर सर्किल से चोरडिया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट के समीप तक एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये की संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में मानसरोवर स्थित मॉडर्न स्कूल के समीप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास, संचालन एवं संधारण के लिए 25.59 करोड़ रुपए तथा स्वर्ण विहार जेडीए योजना में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास, संचालन एवं संधारण के लिए 2.58 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। दोनों परियोजनाएं डिजाइन, बिल्ड, ऑपरेट एवं मेंटेन आधार पर विकसित की जाएंगी।
सड़क आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के क्रम में जनपथ, श्याम नगर से गुर्जर की थड़ी होते हुए न्यू सांगानेर रोड तक पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए किए गए रोड कट की बहाली एवं नवीनीकरण के फेज-II कार्य के लिए 8.57 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में चाैंमू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के निर्माण, नवीनीकरण एवं सुधार कार्यों के लिए 6.26 करोड़ ,नेवटा में 50 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा ट्रंक मेन लाइन के निर्माण एवं 10 वर्ष के संचालन एवं संधारण कार्य के लिए 205.32 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
द्रव्यवती नदी के पर्यावरणीय एवं जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को गति देते हुए संयुक्त सीवेज एवं एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट तथा हाइब्रिड सोलर पावर सिस्टम के डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, कमीशनिंग एवं 5 वर्ष के संचालन एवं संधारण कार्य के लिए 5.12 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।
बैठक में स्वीकृत इन कार्यों से जयपुर में सड़क एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सीवरेज एवं पर्यावरणीय आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, खेल सुविधाओं को विकसित करने तथा शहर के हरित क्षेत्र को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में सचिव डॉ. गौरव सैनी, अतिरिक्त आयुक्त प्रतिभा पारीक, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी द्वितीय देवेंद्र गुप्ता एवं अजय गर्ग, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय पूनिया सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश