केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भेंट सांसद जोशी ने की भेंट, राष्ट्रीय राजमार्ग के लोकार्पण का किया आग्रह

 


चित्तौड़गढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सीपी जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं सड़क अवसंरचना विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कई लंबित मांगों एवं जनसुविधा से जुड़े विषयों पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए आवश्यक स्वीकृतियां एवं त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद सीपी जोशी ने प्रतापगढ़ में प्रतापगढ़ शहर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-113 पर निर्मित बाईपास का कार्य पूर्ण होने की जानकारी देकर इसके शीघ्र लोकार्पण का आग्रह किया। इससे प्रतापगढ़ शहर को भारी वाहनों के दबाव से राहत मिलेगी तथा यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने भटेवर-मावली-नाथद्वारा-चारभुजा राष्ट्रीय राजमार्ग-162ई के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर इसके भी शीघ्र लोकार्पण का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग मेवाड़ क्षेत्र की धार्मिक, पर्यटन एवं व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके लोकार्पण से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। भेंट के दौरान सांसद जोशी ने चित्तौड़गढ़ शहर के लिए रिंग रोड परियोजना की स्वीकृति प्रदान करने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। चित्तौड़गढ़ बाईपास, जो की कोटा रोड़ को सीधा भीलवाड़ा रोड़ को जोड़ेगा। इसकी स्वीकृति के किए धन्यवाद देते हुवे बताया की यह परियोजना शहर की वर्षों पुरानी आवश्यकता थी, जिसके साकार होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित होगा। सांसद जोशी ने लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर आमजन की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अंडरपास, सर्विस रोड, ओवरब्रिज एवं अन्य सुरक्षा संबंधी कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही संसदीय क्षेत्र के लिये नवीन राजमार्गों तथा केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि के द्वारा आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करने का भी आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद जोशी द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में आधुनिक सड़क अवसंरचना का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र भी इस विकास यात्रा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं शीघ्र पूर्ण होगी, जिससे चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ एवं आस-पास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास, पर्यटन, उद्योग एवं रोजगार को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल