रेंज के बाद जिले में हुए तबादले, रजनीश कुमार होंगे चित्तौड़ कोतवाल, तुलसीराम को गंगरार लगाया

 


चित्तौड़गढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। पुलिस महकमे में चल रहा तबादलों का दौरा जारी है। आईजी उदयपुर की ओर से रेंज ट्रांसफर के बाद अब जिलों में हलचल बढ़ी है। चित्तौड़गढ़ में पुलिस अधीक्षक ने भी आदेश जारी कर पुलिस निरीक्षक एवं उप निरीक्षक स्तर तक के स्थानांतरण किए हैं। इसमें चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना अधिकारी के रूप में रजनीश कुमार को लगाया है। वहीं वर्तमान कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम को गंगरार थाने का चार्ज सौंपा है। वहीं चंपाराम को बस्सी से हटा कर बेगूं की जिम्मेदारी सौंपी है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने शुक्रवार रात को आदेश जारी किया है। इसमें रजनीश कुमार को कोतवाली थानाधिकारी, मोतीराम को चंदेरिया से यातायात शाखा प्रभारी, मधु कंवर को साइबर थाने से चंदेरिया थानाधिकारी, प्रेम सिंह को पुलिस लाइन से बस्सी थानाधिकारी, तुलसीराम को कोतवाली से गंगरार थानाधिकारी, गेहरीलाल को पदस्थापन की प्रतिक्षा से राशमी थानाधिकारी, श्यामाराम को गंगरार से आकोला थानाधिकारी, रजनीश कुमार को भूपालसागर, प्रवीण टांक को निंबाहेड़ा कोतवाल लगाया है। इसी तरह भगवानलाल को मंगलवाड थाने से बड़ीसादड़ी, भवानी शंकर को बड़ीसादड़ी से मंगलवाड़ थानाधिकारी, ओमसिंह को डूंगला थानाधिकारी, कमलचंद मीणा को बेगूं से भैंसरोड़गढ़ थानाधिकारी सुमन कुमार को साइबर थाना चित्तौड़गढ़, चंपाराम को बस्सी से बेगूं थानाधिकारी तथा आशुतोष चारण को त्वरित अनुसंधान सेल चित्तौड़गढ़ से पारसोली थानाधिकारी लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने एक अन्य आदेश में पुलिस उप निरीक्षक स्तर के भी ट्रांसफर किए हैं। इसमें रेणु कुमारी को महिला थानाधिकारी, सोनाली शर्मा को साड़ास थानाधिकारी, अक्षय कुमार को भादसोड़ा तथा उत्तम सिंह को जावदा थानाधिकारी लगाया है।

चित्तौड़गढ़ कोतवाल तुलसीराम तथा बस्सी थानाधिकारी चंपाराम के नाम गत दिनों हुए रेंज ट्रांसफर सूची में थे। लेकिन इनकी कार्य शैली को देखते हुए चित्तौड़गढ़ से रिलीव नहीं किया गया। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी की गई सूची में दोनों को बेगूं विधानसभा के दो महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी दी गई है। तुलसीराम को गंगरार तो चंपाराम को बेगूं लगाया है, जो कि कानून व्यवस्था ड्यूटी को लेकर महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल