एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, चिरंजीवी राव बोले- मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी

 


बीकानेर, 27 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के सहप्रभारी चिरंजीवी राव ने रविवार को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची की पारदर्शिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के अधिकारों और मतदाता सूची में नामों से जुड़े सवाल उठ रहे हैं।

रानी बाजार स्थित जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में राव ने एक समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले करीब 10 महीनों में एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों को लेकर दो चुनाव आयुक्तों ने कम से कम 14 बार सवाल या आपत्तियां दर्ज कीं। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ओर से इन आपत्तियों का जवाब नहीं दिया गया।

राव ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि निर्वाचन आयोग के स्तर पर लिए गए कुछ फैसलों और मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी 24 सितंबर को इसी मुद्दे को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। राव ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही तथा पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाती रहेगी।

पंचायतीराज चुनावों को लेकर राव ने कहा कि कांग्रेस का संगठन गांव-ढाणी तक सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।

इस दौरान पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल, प्रदेश महासचिव प्रद्युम्नसिंह राठौड़, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, लूणकरनसर प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र मूंड, पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, देहात उपाध्यक्ष कॉमरेड हनुमान चौधरी और डॉ. प्रीति मेघवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव