सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी से दो और बच्चों की मौत
सलूम्बर, 8 अप्रैल (हि.स.)। सलूम्बर जिले के झल्लारा और लसाड़िया क्षेत्र में फैल रही रहस्यमयी बीमारी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को दो और बच्चों की मौत हो जाने से पिछले सात दिनों में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। लगातार हो रही इन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें गांवों में जांच में जुटी हुई हैं।
सलूम्बर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. महेन्द्र कुमार परमार ने बताया कि मंगलवार को दो अलग-अलग परिजन अपने बच्चों को मृत अवस्था में सलूंबर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। दोनों मामलों में बच्चों को उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत बताई गई थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार झल्लारा क्षेत्र के आमलोदा गांव निवासी 4 वर्षीय रौनक पुत्र जितेन्द्र वैद की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों के मुताबिक बच्चे को उल्टी होने पर घर पर रखी सिरप दी गई, लेकिन कुछ देर बाद उसे तेज बुखार, घबराहट और शरीर में जकड़न होने लगी। स्थिति गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं लसाड़िया क्षेत्र के कालीभीत गांव निवासी अर्जुन के दो माह के पुत्र बंशी को भी परिजन मृत अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि बच्चे को दस्त की शिकायत थी और पहले उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन सुधार नहीं होने पर उसे लसाड़िया लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे पहले 2 से 6 अप्रैल के बीच लसाड़िया के लालपुरा और घाटा गांव में पांच बच्चों की मौत हो चुकी है। मृत बच्चों की उम्र 2 से 4 वर्ष के बीच बताई जा रही है और सभी में बुखार व उल्टी के लक्षण सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर और उदयपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें गांवों में पहुंचकर जांच कर रही हैं। अब तक 500 से अधिक परिवारों का सर्वे किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता