बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा रवाना : रथ यात्रा से गांव-गांव पहुंचेगा बाल विवाह निषेध का संदेश

 


जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। जिले में बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा को बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. बीएल सारस्वत एवं अनुजा निगम की मुख्य प्रबंधक मनमीत कौर द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। साथ ही अभियान के जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया।

यह अभियान जिला बाल संरक्षण इकाई जोधपुर, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायन्स और ग्रामीण एवं सामाजिक विकास संस्था एवं लायंस क्लब जोधपुर (सर्वदा ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सहायक निदेशक डॉ. बीएल सारस्वत ने बताया कि कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की संयुक्त निदेशक (अनुजा निगम) मनमीत कौर मुख्य अतिथि, बाल कल्याण समिति जोधपुर के अध्यक्ष विक्रम चेतन सरगरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि मनमीत कौर ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जो बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित भविष्य को प्रभावित करती है। विशिष्ट अतिथि विक्रम सरगरा ने अपने सम्बोधन मे बताया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह दंडनीय अपराध है और इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन, विभागीय तंत्र एवं समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है।

अभियान के तहत बाल विवाह मुक्ति रथ आगामी सात दिनों तक जोधपुर जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से ऑडियो संदेश, पोस्टर, पंपलेट, जनसंवाद एवं शपथ कार्यक्रमों के जरिए आमजन को जागरूक किया जाएगा।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन अलायन्स और ग्रामीण एवं सामाजिक विकास संस्था के प्रभारी किशन खुडि़वाल ने बताया कि बाल विवाह मुक्ति रथ विभिन्न सरकारी विद्यालयों, पंचायतों, किशोर-किशोरी समूहों मे जाकर जनजागरूकरा उतपन्न करेगा साथ ही सामुदायिक बैठकों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके।

कार्यक्रम मे लॉयन्स क्लब सर्वदा के सेबिनेट सदस्य तरुण सिंह सोलंकी एवं जया सोलंकी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह कि थीम पर अपनी मधुर आवाज़ में गीतों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में किशोर न्याय समिति राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ सलाहकार राकेश चौधरी, बाल कल्याण समिति के सदस्य गंगा राम देवासी, जय भाटी, अनिल मरवण, राजकीय किशोर गृह अधीक्षक सोहनराम विश्नोई, बालिका गृह अधीक्षक रक्षिता कविराज, लायंस क्लब मंडोर के अध्यक्ष साहिब राम गहलोत भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश