नया एयरपोर्ट एवं रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक परिवर्तन के बनेंगे नए आधार : मुख्य सचिव

 


-मुख्य सचिव ने पीएम की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

जोधपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 4 जुलाई को प्रस्तावित जोधपुर एवं बालोतरा यात्रा के दृष्टिगत जोधपुर में कार्यक्रम स्थल एवं नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता एवं समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने एयरफोर्स स्टेशन, एवं नवीन टर्मिनल के कार्यक्रम स्थल, आगंतुकों की सुविधाएं, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 4 जुलाई को जोधपुर एवं बालोतरा दौरा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि जोधपुर के अत्याधुनिक नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण लंबे समय से प्रतीक्षित था तथा इसे लेकर आमजन में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित योजना के अनुरूप चल रही हैं तथा प्रशासन प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्य सचिव ने कहा कि जोधपुर का नया एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा एवं अत्याधुनिक एयरपोर्ट होगा, जिससे क्षेत्र की हवाई संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार, निवेश एवं संचार के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं विकसित होंगी और यह एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि बालोतरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण भी पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स परियोजनाओं में से एक है। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों, निवेश एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।

मुख्य सचिव ने बताया कि रिफाइनरी के साथ रीको द्वारा पेट्रोकेमिकल पार्क विकसित किया जा रहा है। साथ ही एचपीसीएल द्वारा प्रदेश में 300 से 400 नए ईंधन आउटलेट स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे रिफाइनरी में उत्पादित पेट्रोलियम उत्पादों का विपणन राज्य के भीतर ही अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इन पहलों से पश्चिमी राजस्थान को बहुआयामी आर्थिक लाभ प्राप्त होंगे। रिफाइनरी के संचालन के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्य सचिव ने कहा कि एचआरआरएल, एचपीसीएल एवं राज्य सरकार के अधिकारियों तथा इंजीनियरों ने कठिन परिश्रम करते हुए मात्र 60 दिनों में रिफाइनरी को पुन: पूर्ण रूप से संचालित करने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सतत सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्य सचिव ने कहा कि जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण तथा एचआरआरएल रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण पश्चिमी राजस्थान के विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा यह क्षेत्र को निवेश, उद्योग, पर्यटन एवं आधारभूत अवसंरचना के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान डीजीपी राजीव शर्मा, जिला कलक्टर आलोक रंजन सहित प्रशासनिक,एयरफोर्स तथा एयरपोर्ट ऑथोरिट ऑफ इंडिया के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश