फतेहपुर में मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं को मंत्र: हर बूथ मजबूत करें, हर परिवार से करें संवाद

 




सीकर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को फतेहपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा और जनता से लगातार संपर्क प्रमुख आधार रहे। अब इसी ऊर्जा के साथ पंचायत चुनावों के लिए गांव-गांव तक पहुंच बनाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री का फतेहपुर दौरा पंचायत चुनावों की तैयारियों के लिहाज से संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण रहा।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ को मजबूत करना, हर गांव तक पहुंचना और प्रत्येक परिवार से संवाद करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की गरीब, किसान, युवा, महिला तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं और यह विश्वास कायम करें कि भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव के बाद भी जनता के बीच मौजूद रहता है।

शर्मा ने हालिया नगरीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा ने 204 निकायों में बोर्ड बनाए हैं। उनके अनुसार चूरू में नौ, झुंझुनूं में आठ और सीकर में पांच निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं। मुख्यमंत्री ने इन परिणामों को सरकार के कामकाज के प्रति जनता के समर्थन से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि निरंतर जनता के बीच काम करता है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और पहली बार संगठन से जुड़ने वाले लोगों को भी पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता में रहना नहीं, बल्कि राजस्थान को विकास के पथ पर आगे ले जाना है। उन्होंने सीकर, चूरू और झुंझुनूं सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास और जनकल्याण के कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

फतेहपुर में कार्यकर्ता संवाद से पहले मुख्यमंत्री ने खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। इसके बाद फतेहपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास तथा जनसभा के कार्यक्रम में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित