प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री ने भेजी शुभकामनाएं
जयपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राजस्थान की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व को राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पित बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से देशवासियों में मोदी है तो मुमकिन है का विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, जयपुर मेट्रो फेज-2, माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना तथा रिफाइनरी परियोजना प्रमुख हैं। साथ ही दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों ने प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों की शुरुआत राजस्थान की धरती से हुई है। झुंझुनूं से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का विस्तार, पोषण अभियान का शुभारंभ तथा अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से प्रदेश में आधारभूत ढांचे, जल संसाधनों, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ नेतृत्व में भारत की सुरक्षा नीति और राष्ट्रीय संकल्प को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने राजस्थान के वीर जवानों के साहस और योगदान की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व शांति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सतत विकास के मार्ग पर अग्रसर है। साथ ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और सोमनाथ मंदिर जैसे परियोजनाओं के माध्यम से देश के सांस्कृतिक पुनर्जागरण को नया स्वरूप मिला है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर अधिक गति से आगे बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित