शिव भक्ति के रंग में रंगी छोटी काशी: गलता तीर्थ से उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब

 




जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के पहले सोमवार की पूर्व संध्या पर रविवार को राजधानी जयपुर पूरी तरह शिवमय हो गई। उत्तर तोताद्रि गलता तीर्थ से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष के साथ शहर के प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना हुए। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों, डीजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकली कांवड़ यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।

गलता तीर्थ के पवित्र कुंडों में स्नान और जल भरने के बाद कांवड़ियों के जत्थे सूरजपोल, हिदा की मोरी, बड़ी चौपड़, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार और एमआई रोड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए ताड़केश्वर महादेव, झारखंड महादेव, रोजगारेश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर महादेव, धूलेश्वर महादेव सहित विभिन्न शिवालयों तक पहुंचे। मार्ग में सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया।

सोमवार को पहले सावन सोमवार पर तड़के से ही लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। चौड़ा रास्ता स्थित प्राचीन ताड़केश्वर महादेव मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे। दुग्धाभिषेक, घृताभिषेक और मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक शुरू होगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से बेल्ट और जूते पहनकर प्रवेश नहीं करने की अपील की है। शाम को भगवान शिव का विशेष फूल बंगला एवं झांकी सजाई जाएगी।

वैशाली नगर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के बाद जलाभिषेक प्रारंभ होगा। मंदिर सचिव श्रीप्रकाश सोमानी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं। शाम को भगवान शिव का विशेष फूल बंगला श्रृंगार कोलकाता से मंगवाए गए फूलों से किया जाएगा। मंदिर परिसर में 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 150 से 200 स्वयंसेवक तथा वैशाली नगर थाना पुलिस तैनात रहेगी। वाहनों की पार्किंग क्वींस रोड एवं पेट्रोल पंप के पीछे निर्धारित की गई है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए जयपुर पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर सभी डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। छह मोबाइल पार्टियां, पुलिस लाइन से करीब 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ यात्रा और प्रमुख मंदिरों की निगरानी की जाएगी। गलता गेट, घाट गेट और परकोटा क्षेत्र में यातायात डायवर्जन भी लागू रहेगा।

शहरभर में स्वयंसेवी संस्थाओं और भामाशाहों की ओर से कांवड़ियों के लिए जलपान, फलाहार और चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिल रही है।

इधर श्री प्रेम प्रकाश सेवा मंडली एवं श्री अमरापुर स्थान में सोमवार सुबह 6 से 6:40 बजे तक अमरापुरेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक एवं पूजन होगा। संतों और पंडितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल, पंचामृत और बिल्वपत्र से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा।

धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस वर्ष सावन के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे। पूरे सावन माह में जयपुर के शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन, फूल बंगला और विशेष धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश