अजमेर: चेतक एक्सप्रेस के एस-7 कोच में मिला लावारिस ट्रॉली बैग, 1.51 लाख का डोडा चूरा जब्त
अजमेर, 14 नवम्बर(हि.सं.) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अजमेर ने नशे के तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए सवारी गाड़ी संख्या 20474 चेतक एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 51 हजार 500 रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जब्त माल जीआरपी अजमेर को सुपुर्द कर दिया गया है।
गश्त के दौरान गैलरी में संदिग्ध बैग दिखा यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेन्द्र सिंह और सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा के निर्देशन तथा निरीक्षक राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई। 11 नवंबर 2026 को चेतक एक्सप्रेस में एस्कॉर्टिंग ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल मनीष कुमार तिवाड़ी को नसीराबाद और अजमेर स्टेशनों के बीच एस-7 कोच की गैलरी में एक कॉफी रंग का लावारिस ट्रॉली बैग संदिग्ध हालत में रखा मिला।
अजमेर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुंचने पर हेड कॉन्स्टेबल ने इसकी सूचना उप-निरीक्षक शुभम को दी। मौके पर मौजूद रेसुब (आरपीएफ) स्टाफ की मौजूदगी में जब बैग की चेन खोलकर जांच की गई, तो उसके अंदर अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा भरा मिला। बैग सहित कुल वजन 12.950 किलोग्राम था, जबकि केवल डोडा चूरा का शुद्ध वजन 10.100 किलोग्राम निकला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोई अज्ञात तस्कर बिना लाइसेंस या परमिट के इस मादक पदार्थ का परिवहन कर रहा था, लेकिन ट्रेन में पुलिस की गश्त और कार्रवाई के डर से बैग को लावारिस छोड़कर फरार हो गया। जीआरपी अजमेर ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष