लोहे की फैक्ट्री में केमिकल ड्रमों ने पकड़ी आग
जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। झोटवाड़ा थाना इलाके के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित लोहे की फैक्ट्री में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते भीषण लपटें उठने लगीं। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे करीब 10-12 वर्कर्स बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एएफओ झोटवाड़ा सुरेश कुमार ने बताया कि झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में माखन लाल गुप्ता की एनएल कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से लोहे की फैक्ट्री है। यहां बॉयलर में लोहे को हीट कर ढलाई का काम किया जाता है। मंगलवार सुबह करीब 10-12 वर्कर्स बॉयलर में लोहे की ढलाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 8.45 बजे फैक्ट्री में रखे एक केमिकल ड्रम ने अचानक आग पकड़ ली।
आग लगते ही आसपास रखे अन्य केमिकल ड्रम भी इसकी चपेट में आ गए। ड्रमों में आग लगने से तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर में धुआं फैल गया। आग की भयावहता को देखते हुए वहां काम कर रहे कर्मचारी तत्काल बाहर निकल गए।
फैक्ट्री में करीब 10 हजार लीटर केमिकल के लगभग 20 ड्रम रखे हुए थे। समय रहते दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे पूरा केमिकल आग की चपेट में आने से बच गया। यदि सभी ड्रमों में आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फैक्ट्री में आग की सूचना मिलते ही झोटवाड़ा फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चार दमकलों की मदद से कर्मचारियों ने करीब सवा घंटे तक मशक्कत की और आग को नियंत्रित किया। आग से फैक्ट्री में लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आ रही है। आग किस कारण से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल और संबंधित टीम मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश