भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिल कर राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए मांगा मेडिकल कॉलेज

 


अजमेर, 9 मई(हि.स.)। अजमेर संसदीय क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में एमबीबीएस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने उल्लेख किया कि वर्ष 2009 में स्थापित राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय आज देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। विश्वविद्यालय को नेक द्वारा ए प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त है तथा एनआईआरएस एवं क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भी संस्थान ने उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट संस्थान में मेडिकल शिक्षा की शुरुआत क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में अजमेर सहित राजस्थान के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए बांदरसिंदरी स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में मेडिकल कॉलेज एवं शिक्षण अस्पताल की स्थापना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय के पास पर्याप्त भूमि एवं आधारभूत संरचना उपलब्ध है, जिसे विकसित कर अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल स्थापित किया जा सकता है। इससे न केवल क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय मेडिकल शिक्षा प्राप्त होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि वे अजमेर संसदीय क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर निरंतर प्रयासरत हैं तथा क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल से भविष्य में अजमेर क्षेत्र मेडिकल शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष